Know your world in 60 words - Read News in just 1 minute
हॉट टोपिक
Select the content to hear the Audio

Added on : 2026-09-18 06:02:41

राजेश बादल 
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान नियाजी तीन साल से जेल में बंद हैं।उन्हें जमानत भी नहीं मिल रही है। पाकिस्तान के क़ानून के मुताबिक़ उन्हें इतने लंबे समय तक  जेल में नहीं रखा जा सकता।सारी दुनिया के राजनेता देख रहे हैं। पाकिस्तान की मित्र बिरादरी भी चुप्पी साधे बैठी है। मुल्क़ में सेना के इशारे पर सरकार नाचने लगे तो फिर लोकतंत्र की बात करना ही बेकार है।चूँकि इमरान खान क्रिकेटर भी रह चुके हैं इसलिए अब सारी दुनिया के जाने माने क्रिकेट खिलाड़ी और विशेषज्ञ उनके समर्थन में आगे आ रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया के सात पूर्व कप्तानों ने वहां के विदेशमंत्री से इस मामले में शीघ्र और सख़्त क़दम उठाने की मांग की हैं। खिलाड़ियों को लगता है कि पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के लगातार जेल में रहने से उनकी हत्या की आशंका है अथवा उन्हें धीमा ज़हर देकर मारा जा सकता है। इमरान खान रावलपिंडी की कुख्यात अडियाला जेल में बंद हैं। 
ऑस्ट्रेलिया के जिन दिग्गज खिलाड़ियों ने सरकार से दखल देने की मांग की है ,उनमें ग्रेग चैपल ,एलन बॉर्डर,इयान चैपल,किम ह्यूज़ ,मार्क टेलर ,बेलिंडा क्लार्क,पेट कमिंग्स और स्टीव वा शामिल हैं। इन सभी खिलाड़ियों ने आशंका जताई है कि 73 साल के पूर्व प्रधानमंत्री को बुनियादी सुविधाएँ तक नहीं मिल रही हैं ,जो राजनीतिक क़ैदियों को दी जाती हैं। न उनका ढंग से इलाज़ हो रहा है और न ही स्तरीय तथा पौष्टिक भोजन मिल रहा है। ऑस्ट्रेलिया के इन खिलाड़ियों से पहले पाकिस्तान के ही चुनिंदा पूर्व क्रिकेट खिलाड़ियों ने भी अपनी सरकार से इमरान खान के साथ मानवीय बरताव का अनुरोध किया था। इन खिलाड़ियों में रमीज़ राजा ,जावेद मियाँदाद और वसीम अकरम जैसे सशक्त हस्ताक्षर शामिल हैं और उन्होंने इमरान खान के साथ लंबे समय तक क्रिकेट खेली है। पाकिस्तान के अलावा भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ,कपिल देव और दिलीप वेंगसरकर ने भी वहाँ की शाहबाज़ सरकार से इमरान खान के मामले में हस्तक्षेप का अनुरोध किया था।वेस्टइंडीज़ के सर्वकालिक महान बल्लेबाज़ ब्रायन लारा और माइकल होल्डिंग भी ऐसी ही अपीलें पाकिस्तान की फौज और शाहबाज़ हुकूमत से कर चुके हैं।हालाँकि शाहबाज़ शरीफ की विवशता समझी जा सकती है। वे तो अपने सगे बड़े भाई मियां नवाज़ शरीफ तक को जेल में बंद रहने से रोक नहीं पाए थे।इसलिए फिलहाल तो अभी तक किसी खिलाड़ी की अपील का कोई असर नहीं हुआ है।बता दूँ कि इमरान खान पर डेढ़ सौ से अधिक मुक़दमे लाद दिए गए हैं।तीन साल में वे एक बार ही सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर जेल से बाहर आए थे। उन्हें जमानत मिल गई थी। मगर,सरकार ने उन्हें फिर से जेल के सींखचों के पीछे पहुँचा दिया ।सूचनाएं हैं कि इमरान खान ने राजनीति छोड़ने और फ़ौज तथा अमेरिका की आलोचना बंद करने का वादा नहीं किया था,इसलिए उन्हें फिर अंदर कर दिया गया।     
ग़ौरतलब है कि पाकिस्तान में अभी तक बीस प्रधानमंत्री ( कार्यवाहक प्रधानमंत्रियों को छोड़कर ) हुए हैं।इनमें सात को जेल की हवा खानी पड़ी है।इनके नाम हैं - हुसैन शहीद सुहरावर्दी ,ज़ुल्फ़िकार अली भुट्टो और उनकी बेटी बेनज़ीर भुट्टो ,मियाँ नवाज़ शरीफ़,शाहिद खाकान अब्बासी,यूसुफ़ रजा गिलानी और इमरान खान।इनमें से बेनज़ीर भुट्टो और सुहरावर्दी को छोड़कर इसी अडियाला जेल में रखा गया था।यह विडंबना है कि इन सभी को सेना का कोप भाजन बनना पड़ा है। बेचारे ज़ुल्फ़िक़ार अली भुट्टो को तो जेल में ही निर्दयतापूर्वक फाँसी दे दी गई थी। इस फांसी की सारे संसार में निंदा हुई थी। यह भी क्रूर और अमानवीय पहलू है कि भुट्टो की फांसी दिखाने के लिए दुनिया भर से पत्रकारों को आमंत्रित किया गया था।उन्हें भी रावलपिंडी जेल में फांसी दी गई थी।उसके बाद फौजी तानाशाह जनरल जिया उल हक़ के कार्यकाल में उस जेल को नेस्तनाबूद कर दिया गया था और वहाँ जिन्ना पार्क बना दिया गया था।जनरल हक़ को अंदेशा था कि भविष्य में कोई सरकार भुट्टो की याद में इस जेल को स्मारक न बना दे।इसके बाद अडियाला जेल का निर्माण हुआ।इसकी तुलना भारत की तिहाड़ जेल से की जाती है। 
पाकिस्तान की सियासत में राजनेताओं और कारावास का चोली - दामन का साथ है। प्रधानमंत्रियों की तरह ही वहां के सात राष्ट्रपति भी या तो जेल में रहे अथवा सेना या  प्रतिपक्ष के दबाव में उन्हें पद से हटने पर मजबूर कर दिया गया। भारत में तो हम और आप कल्पना भी नहीं कर सकते लेकिन यह भी सच है कि पाकिस्तान के वर्तमान राष्ट्रपति आसिफ अली ज़रदारी भ्रष्टाचार और हत्या जैसे मामलों में ग्यारह साल तक जेल की सजा काट चुके हैं। फौजी तानाशाह जनरल परवेज़ मुशर्रफ और जनरल याह्या खान को हाउस अरेस्ट रखा गया। परवेज़ मुशर्रफ को तो अदालत ने मृत्युदंड की सजा सुनाई थी लेकिन उसकी नौबत ही नहीं आई।अमानवीय रवैए का आलम यह है कि इस जेल में गायिका तथा मॉडल अयान अली,अमेरिकी अभिनेता एरिक औदे,संसार के जाने माने गणितज्ञ अल्लामा मशरीक़ी ,पूर्व प्रधानमंत्री नवाज़शरीफ की बेटी और पंजाब सूबे की मुख्यमंत्री मरियम नवाज़ और दामाद सांसद मोहम्मद सफ़दर अवान,नेशनल असेंबली के सदस्य-सांसद मोहम्मद हनीफ अब्बासी,पाकिस्तान के सैनिक अभियानों के महानिदेशक रहे जावेद इक़बाल और ब्रिगेडियर राजा रिजवान  को भी इसी जेल की हवा खानी पड़ी थी।जावेद इक़बाल को चौदह बरस की सजा हुई थी और राजा रिज़वान को मृत्युदंड दिया गया था।हद तो यह थी कि एक ब्रिटिश नागरिक और सामाजिक कार्यकर्ता मिर्ज़ा ताहिर हुसैन की गाड़ी से एक नागरिक जमशेद खान टकरा गया। जमशेद ने उन पर हमला कर दिया।आत्मरक्षा में मिर्ज़ा ताहिर हुसैन ने गोली चलाई।इसमें जमशेद की मृत्यु हो गई।मिर्ज़ा को ग़ैर इरादतन हत्या के आरोप में मौत की सजा सुनाई गई।बाद में इसे जनरल परवेज़ मुशर्रफ के हुक्म से आजन्म क़ैद में बदल दिया गया।पर,उन्हें 18 साल तक जेल में रहना पड़ा।बाद में पेरोल पर छोड़ा गया।माना जा सकता है कि पाकिस्तान असहमति के सुरों को सबक़ सिखाने वाली एक भयानक प्रयोगशाला है। इसे दुनिया का कोई भी देश रोक नहीं पाया है।क्या अंतर्राष्ट्रीय समुदाय इस पर ग़ौर करेगा ?

आज की बात

हेडलाइंस

अच्छी खबर

शर्मनाक

भारत

दुनिया