कौशल किशोर चतुर्वेदी
आज ईद के मौके पर हम ख़्वाजा अहमद अब्बास की बात कर रहे हैं जो ग्लैमर की दुनिया में रहकर भी सिद्धांतों पर डटे रहे। वह जब अपने जीवन के अंतिम दिनों में गंभीर रूप से बीमार थे और अर्थाभाव से जूझ रहे थे तब उन्होंने अपनी फ़िल्म 'सात हिन्दुस्तानी' के अधिकार उतनी ही राशि में बेचे थे जितनी राशि उनके इलाज के लिए ज़रूरी थी। हिंदी सिनेमा के मिलेनियम स्टार अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लाग में अब्बास से जुड़ी यादों को ताजा करते हुए बताया कि अब्बास सिद्धांतों पर विश्वास करने वाले ऐसे ईमानदार व्यक्ति थे जिनके मन में व्यवसायिकता अपनी जड़ नहीं जमा सकी। वह दूसरों के लिए जीने में विश्वास करते थे। लेकिन किसी से अपेक्षा नहीं करते थे। उनका दिल बहुत बड़ा था। उन्होंने लिखा है कि अब्बास इतने स्वाभिमानी व्यक्ति थे कि जीवन के अंतिम समय में भी उन्हें किसी की सहायता लेना मंजूर नहीं था। वह केवल अपनी मेहनत की कमाई पर विश्वास करते थे। अब्बास की तरह आज भी हर भारतीय होता तो कितना अच्छा होता। अब्बास साहब ने सुकोमल प्रेमप्रसंग के परिणामस्वरूप मुज़्तबी बेगम के साथ विवाह का अति सुंदर वर्णन उनकी आत्मकथा 'आई एम नॉट आइलैंड' में किया गया है। यह एक सफल प्रेम विवाह था। कहा जाता है कि उनकी समस्त उल्लेखनीय उपलब्धियों के पीछे उनकी पत्नी का बड़ा हाथ था। सन 1958 में पत्नी की मृत्यु के उपरांत वह अकेले रह गये थे। ऐसे ख़्वाजा अहमद अब्बास साहब का जन्म 7 जून 1914 को हरियाणा राज्य के पानीपत में हुआ था। वह प्रसिद्ध फ़िल्म निर्देशक, पटकथा लेखक और उर्दू लेखक थे। वे उन कुछ गिने चुने लेखकों में से एक थे, जिन्होंने मुहब्बत, शांति और मानवता का पैगाम दिया। एक पत्रकार के रूप में उन्होंने 'अलीगढ़ ओपिनियन' शुरू किया। 'बॉम्बे क्रॉनिकल' में ये लंबे समय तक बतौर संवाददाता और फ़िल्म समीक्षक रहे। इनका स्तंभ 'द लास्ट पेज' सबसे लंबा चलने वाले स्तंभों में गिना जाता है। यह 1941 से 1986 तक चला। अब्बास इप्टा के संस्थापक सदस्य थे।
ख़्वाजा साहब ने अतिसफल फ़िल्म निर्माता-निर्देशक राजकपूर के साथ एक लम्बा साथ निभाया और 'आवारा' (1951), 'श्री 420' (1955), 'जागते रहो' (1956), 'मेरा नाम जोकर' (1972) और 'बॉबी' (1973) जैसी उनकी कई सफल फ़िल्में लिखी। आर. के. बैनर की फ़िल्म 'हिना' (1991) जिसे रणधीर कपूर द्वारा निर्देशित किया गया था; भी अब्बास साहब की एक कहानी पर आधारित थी। अब्बास साहब ने राज कपूर की फ़िल्म 'राम तेरी गंगा मैली', की शुरुआत और अन्त भी लिखा था। यह एक ऐसी बात है जिसे बहुत कम लोग जानते हैं। राजकपूर ख़्वाजा साहब के क़रीबी थे और उन्हें 'मेरी आवाज़' बुलाया करते थे। उनके अपने जीवन पर बनी फ़िल्म 'मेरा नाम जोकर' के बॉक्स ऑफ़िस पर फ्लॉप हो जाने के बाद, राजकपूर वित्तीय संकट में फंस गये थे। अब्बास साहब ने, सिर्फ़ इस असाधारण निर्देशक की मदद करने के लिए, अपने सिद्धांतों से समझौता किया। उन्होंने एक मसालेदार किशोरावस्था के रोमांस की फ़िल्म 'बॉबी', लिखी। यह एक सुपरहिट फ़िल्म साबित हुई और राज कपूर फिर से सफ़लता की लहर पर सवार हो गये। लेकिन 'बॉबी' में भी, अब्बास साहब अपने समाजवादी दृष्टिकोण और अपने प्रगतिशील विचारों को स्थापित करने में सफल रहे। उन्होंने इसे फ़िल्म की विषय-वस्तु में रोपित कर दिया। अब्बास साहब की यथार्थवाद में गहरी जड़ें थीं, लेकिन फिर भी राज कपूर के लिए उन्होंने जितनी भी फ़िल्में लिखी, उन सभी में एक मजबूत सामाजिक मुद्दा था, चाहे यह 'आवारा' हो या 'श्री 420'। उनके लिए सिर्फ़ और सिर्फ़ फ़िल्म ही महत्वपूर्ण थीं ना कि उससे जुड़े आर्थिक लाभ।
ख़्वाजा अहमद अब्बास तथा भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू छात्र जीवन के समय से मित्र थे। सन 1947 में देश विभाजन के समय उनकी माँ सहित सभी निकट संबंधी पाकिस्तान चले गये (पिता की मृत्यु 1942 में हो चुकी थी), लेकिन वह पाकिस्तान नहीं गये तथा उन्हें दंगाग्रस्त पानीपत से बाहर सुरक्षित निकालने के लिए जवाहरलाल नेहरू ने व्यक्तिगत रूप से हस्तक्षेप किया था। इनकी फ़िल्म 'मुन्ना' (1954) को देखने के लिए नेहरूजी इतने उत्सुक थे कि उन्होंने इसका एक प्रिंट दिल्ली भेजने के लिए विशेष आदेश दे डाला। इसके बाद पंडित जी इस फ़िल्म से इतना प्रभावित हुए कि उन्होंने इसके बाल-कलाकार मास्टर रोमी से मिलने की मंशा भी ज़ाहिर की।
अंतिम दिनों में, दो-दो दिल के आघातों (हार्ट-अटैक) के बावजूद, अब्बास साहब अपनी फ़िल्म 'एक आदमी' (1988) की डबिंग को जारी रखे हुए थे। यह फ़िल्म उनकी मृत्यु के बाद प्रदर्शित हुई। वे कहा करते थे, "फ़िल्म किसी भी कीमत पर रुकनी नहीं चाहिए।" ख़्वाजा अहमद अब्बास साहब का मुंबई में 72 वर्ष की आयु में 1 जून, 1987 को निधन हुआ। वे अपने अंतिम दिनों तक ब्लिट्ज के लिए लिख रहे थे। अब्बास साहब को भारत में समानांतर (पैरेलल) या नव-यथार्थवादी (नियो-रियलिस्टिक) सिनेमा के रहनुमाओं में गिना जाता है। एक पटकथा लेखक और निर्देशक के रूप में, भारतीय सिनेमा में उनका योगदान वृहद् है और प्रेरणादायक भी। एक पत्रकार के रूप में उनकी राष्ट्रवादी विचारक की एक भूमिका और दूरदर्शिता का कोई सानी नहीं है। साहित्य में, उर्दू के एक प्रमुख लेखक के रूप में उनकी छाप अमिट रहेगी। अब्बास साहब अपने आप में एक संस्थान थे और जो जगह उन्होंने हमारे दिलों में बनायीं है वह शब्दों के परे है।
यह एक संयोग ही है कि आज ख्वाजा अहमद अब्बास का जन्मदिन है और आज ईद का त्यौहार भी है। बहुमुखी प्रतिभा के धनी ख्वाजा अहमद अब्बास वास्तव में एक सच्चे भारतीय थे जिन पर हर कोई गर्व कर सकता है। 'आई एम नॉट आइलैंड' एक खूबसूरत आत्मकथा है और ईद के मौके पर अब्बास की बात भी मन को सुकून दे रही है...।